- वैज्ञानिक तरीकों से होगी जन स्वास्थ्य की रक्षा, जून-जुलाई में सरकारी स्कूलों में चलेगा पेस्ट फ्री इंदौर अभियान इंदौर (ईएमएस)। कीट केवल हमारे घरों या दफ्तरों में होने वाली परेशानी नहीं हैं, बल्कि ये जन स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा खतरा बन चुके हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के डराने वाले आंकड़े बताते हैं कि मच्छर और अन्य कीट जनित बीमारियों के कारण दुनिया भर में हर साल 7 लाख से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा देते हैं। वहीं, अगर देश की बात करें तो सिर्फ दीमक और चूहों के कारण देश को सालाना 5,000 करोड़ रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मध्य प्रदेश भी इससे अछूता नहीं है, जहां मानसून के विदा होते ही डेंगू के मामलों में 40 फीसदी तक का बड़ा उछाल देखा जाता है। यह चिंताजनक बात इंदौर पेस्ट कंट्रोल एसोसिएशन के अध्यक्ष गुलशन कुमार भसीन ने इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने बताया कि किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग और भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण के सहयोग से 6 जून को वैश्विक स्तर पर विश्व कीट दिवस मनाया जा रहा है। इस वर्ष ग्लोबल पेस्ट मैनेजमेंट कोएलिशन द्वारा वैश्विक समाधान, स्थानीय कार्य प्रभाव : कीट प्रबंधन में सफलता की रूपरेखा प्रोफेशनल पेस्ट मैनेजमेंट से जन स्वास्थ्य की रक्षा थीम तय की गई है। इस मौके पर एसोसिएशन के आदित्य भावसार, अनिल सिंह राठौर, आशीष शील, नाजिया अंजुम, देवेन्द्र तंवर और सुनील पाल भी मौजूद रहे। :: ग्रीन केमिस्ट्री और डिजिटल मॉनिटरिंग से महफूज होगा इंदौर :: भसीन ने कहा कि शहर के फूड, वेयरहाउसिंग, हॉस्पिटैलिटी और हाउसिंग सेक्टर को सुरक्षित रखने के लिए एसोसिएशन के 50 से अधिक लाइसेंस प्राप्त सदस्य पूरी तरह मुस्तैद हैं। इसके लिए इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट, ग्रीन केमिस्ट्री, डिजिटल मॉनिटरिंग और टर्मी-ट्यूब पोरस पाइप इंस्टॉलेशन जैसी आधुनिक व वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाया जा रहा है। इस तकनीकी उन्नयन को और अधिक मजबूत व प्रभावी बनाने के लिए इसी वर्ष नवंबर 2026 में फ्यूजन 2026 कॉन्फ्रेंस का बड़ा आयोजन भी किया जाएगा। :: आज शहर में होंगे ये प्रमुख आयोजन :: विश्व कीट दिवस के मौके पर शनिवार को शहर में कई जन-जागरूकता और सेवा कार्य किए जाएंगे। इसके तहत पेस्ट फ्री इंदौर स्कूल अभियान शुरू किया जा रहा है, जिसमें जून और जुलाई महीने में सरकारी स्कूलों में मुफ्त निरीक्षण किया जाएगा और बच्चों को जागरूक करने के लिए विशेष गतिविधियां होंगी। आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए बस्तियों में मुफ्त सेवाएं दी जाएंगी, जिसके तहत गरीब परिवारों के घरों में मुफ्त कीट नियंत्रण (पेस्ट कंट्रोल) किया जाएगा और उन्हें भोजन के सुरक्षित भंडारण के गुर सिखाए जाएंगे। नागरिकों की सेहत के लिए स्थानीय क्लीनिकों के साथ मिलकर मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर और सफाई अभियान आयोजित होंगे। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर आस्क द एक्सपर्ट बूथ लगाए जाएंगे, जहां आम नागरिकों को जैव-कीटनाशकों के सही प्रयोग और चूहों को पकड़ने का लाइव डेमो (प्रदर्शन) दिखाया जाएगा। एसोसिएशन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरों, व्यवसायों और खेती-बाड़ी को महंगे नुकसान से बचाने के लिए केवल वैज्ञानिक और प्रमाणित तरीकों को ही अपनाएं, ताकि पर्यावरण और सेहत दोनों सुरक्षित रहें। प्रकाश/05 जून 2026