- सागर में 1 लाख की घूस लेते पकड़े गये रेलवे के सेक्शन इंजीनियर से जुड़ा मामला - सीबीआई ने होटल से किया था गिरफ्तार भोपाल(ईएमएस)। रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग में पदस्थ सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला को गुरुवार रात, एक लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए सागर में सीबीआई ने टीम ने रंगे हाथों दबोचा है। सूत्रो के मुताबिक ट्रैप कार्यवाही के बाद अगले दिन शुक्रवार को सीबीआई ने भोपाल स्थित रेलवे कंस्ट्रक्शन ऑफिस में रेड मारते हुए सर्चिंग की। सूत्रों की मानी जाये तो सीबीआई की टीम ने कार्यालय में मामले से संबधित दस्तावेजों और रिकॉर्ड की छानबीन करते हुए मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। वहीं अन्य बिंदुओ पर भी जानकारी जुटाई है। सूत्र बताते है की बुंदेला को एक लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने के बाद की गई पूछताछ के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाते हुए टीम ने भोपाल स्थित कार्यालय में सर्चिंग की है। खबर लिखे जाने तक फिलहाल कार्रवाई जारी थी। - यह था मामला जानकारी के अनुसार सागर में गुरुवार रात को जबलपुर की सीबीआई टीम ने 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रेलवे के सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला को एक होटल से रंगे हाथो गिरफ्तार किया था। बुंदेला के खिलाफ एक ठेकेदार ने जबलपुर सीबीआई में शिकायत करते हुए बताया था, कि उसने सागर रेलखंड में गिट्टी सप्लाई का काम किया था। काम पूरा होने के बाद जब वो सिक्योरिटी राशि वापस मांगने के लिए सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला के पास पहुंचा तो उन्होंने सिक्योरिटी राशि वापस करने के ऐवज में एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। रिश्वत की रकम नहीं देने पर सेक्शन इंजीनियर सिक्योरिटी राशि वापस नहीं कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को सीबीआई ने घूसखोर सेक्शन इंजीनियर को जबलपुर में सीबीआई कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए 5 दिन की रिमांड पर लिया है। जुनेद / 5 जून