राज्य
05-Jun-2026
...


:: विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वास्थ्य विभाग का व्यापक अभियान; सिविल अस्पताल में हुआ भव्य वृक्षारोपण और बालिकाओं के लिए सजी प्रतियोगिताएं :: इंदौर (ईएमएस)। बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन वर्तमान समय की सबसे गंभीर चुनौती है। प्रकृति आधारित समाधानों के माध्यम से ही हम इन चुनौतियों का सामना कर सकते हैं। यह बात मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर कही। इस वर्ष की विशेष थीम Inspired by Nature for Climate – For Our Future के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुख्य कार्यक्रम सिविल अस्पताल महू में आयोजित किया गया। इस दौरान डॉ. हासानी ने ईंधन संरक्षण का एक अनूठा और अनुकरणीय संदेश देते हुए विभाग के सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों के साथ इंदौर से महू तक का सफर सामूहिक रूप से बस द्वारा तय किया। :: अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने रोपे औषधीय पौधे :: सिविल अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीपल, बरगद, नीम सहित विभिन्न औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महू जनपद अध्यक्ष सरदार मालवीय ने कहा कि महू क्षेत्र को पूरी तरह हरित और स्वच्छ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। वहीं डॉ. हासानी ने जोर देकर कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन की औपचारिकता नहीं, बल्कि हर नागरिक की रोजमर्रा की जिम्मेदारी है। स्वच्छ पर्यावरण ही हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है। :: बालिका गृह में सजी चित्रकला और क्विज प्रतियोगिता :: पर्यावरण दिवस के तहत केवल वृक्षारोपण ही नहीं हुआ, बल्कि जीवन-ज्योति बालिका गृह में बच्चों के लिए पर्यावरण विषय पर आधारित क्विज और चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसके माध्यम से बालिकाओं को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), मानपुर विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, महू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी, जिला सर्विलेंस अधिकारी, जिला विस्तार एवं माध्यम अधिकारी तथा राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग का पूरा अमला मौजूद था। सभी ने पौधों की देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया। प्रकाश/05 जून 2026