राज्य
05-Jun-2026


:: नगरीय निकायों और पंचायतों की वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन 18 जुलाई को; कलेक्टर शिवम वर्मा ने समय-सीमा में काम पूरा करने के दिए निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकायों और पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। इंदौर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा के निर्देशन में संयुक्त कलेक्टर व सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी संबंधित रजिस्ट्रीकरण और सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को इस संबंध में कड़े निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि वे तय समय-सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर मतदाता सूची पुनरीक्षण के इस कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराएं। :: 15 जून तक का समय, 25 तक होगा निराकरण :: संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, नगरीय निकायों और पंचायतों दोनों के लिए दावा-आपत्ति केंद्रों पर आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तारीख अब 15 जून 2026 (अपराह्न 3 बजे तक) तय की गई है। प्राप्त होने वाले सभी दावा-आपत्ति आवेदनों का निराकरण 25 जून तक किया जाएगा और 30 जून तक इनकी प्रविष्टि ईआरएमएस पोर्टल पर कर दी जाएगी। इसके बाद 3 जुलाई तक चेकलिस्ट तैयार कर, त्रुटि सुधार के बाद 6 जुलाई तक वेंडर को लौटा दी जाएगी। :: 10 जुलाई को वेबसाइट पर अपलोड होगी सूची :: अंतिम मतदाता सूची (फोटोयुक्त और फोटोरहित) 9 जुलाई को जनरेट की जाएगी, जबकि फोटोरहित अंतिम सूची को 10 जुलाई तक आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। मुद्रित प्रतियां 16 जुलाई तक तैयार होंगी, जिसके बाद 18 जुलाई को ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और अन्य निर्धारित स्थानों पर मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन कर दिया जाएगा। विक्रय और रिकॉर्ड के लिए इस सूची की डीवीडी/सीडी 20 से 21 जुलाई तक उपलब्ध करा दी जाएगी। सार्वजनिक प्रकाशन का प्रमाण-पत्र स्कैन कर पोर्टल पर अपलोड करने की अंतिम तिथि 22 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। दोनों ही क्षेत्रों (निकाय व पंचायत) के लिए इस बार समान समय-सारणी के तहत काम पूरा किया जाएगा। प्रकाश/05 जून 2026