राज्य
05-Jun-2026


भोपाल(ईएमएस)। पुराने शहर के मंगलवारा क्षेत्र में रहने वाले युवक ने कर्ज से तंग आकर दस दिन पहले सल्फास खा लिया था। उसकी हालत बिगड़ने पर परिवार वालो ने उसे इलाज के लिये अस्पताल में भर्ती कराया था। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। परिवार वालो ने आरोप लगाया है कि मृतक ने लेनदारो से तंग आकर यह कदम उठाया हैं। मंगलवारा थाना पुलिस के मुताबिक पटेल कॉलोनी भारत टॉकीज के पास का रहने वाला फराज अंसारी पिता शकील अंसारी (21) कुशन का काम करता था। करीब 10 दिन पहले उसने अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया था। बाद में उसे उल्टियां होने पर परिजनों ने उसे इलाज के लिये अस्पताल पहुंचाया था। वहॉ दो दिन चले इलाज के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया था। बताया गया है कि गुरुवार रात को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। वहॉ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि सल्फास के कारण आंतो और लिवर में इन्फेक्शन हो गया था। जो उसकी मौत का कारण बना है। मृतक के पिता का आरोप है कि बेटे फराज ने 90 हजार रुपए कर्ज लिया था। कर्जा वसूलने के लिये लेनदार उसे प्रताड़ित करते थे। आए दिन कॉल कर धमकाते थे। इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने खुदकुशी की कोशिश की थी। उस समय तो वह बच गया लेकिन अब इन्फेक्शन के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है की परिवार वालो के डिटेल बयान दर्ज कर जॉच की जायेगी, और जॉच पूरी होने पर उसके आधार पर ही आगे की कार्यवाही की दिशा तय होगी। जुनेद / 5 जून