- सरकारी स्कूल में प्यून था मृतक, तीन दिन पहले मायके गई थी पत्नि भोपाल(ईएमएस)। देहात इलाके के रातीबड़ थाना क्षेत्र में रहने वाले एक सरकारी स्कूल के प्यून ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर फांसी का फंदा दिखाया और जान देने की बात कही। बाद में जब सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस के अनुसार, नीलबड़ के नाथू बरखेड़ा में रहने वाला भावेश पटेल (32) पिता जगदीश पटेल गॉव में ही स्थित एक सरकारी स्कूल में प्यून की नौकरी करता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा पांच साल का बेटा और एक साल की बेटी है। तीन पहले पत्नि बच्चो को लेकर अपने मायके इंदौर गई थी। बीती देर रात भावेश ने पत्नी को वीडियो कॉल किया। बातचीत के दौरान उसने फांसी का फंदा दिखाते हुए कहा कि वह जान दे रहा है। पति की बात सुनकर घबराई पत्नी ने फौरन ही अपने देवर को फोन कर सारी बात बताई। इसके बाद परिजन और आसपास के लोग भावेश के घर पहुंचे वहॉ घर का दरवाजा भीतर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद दरवाजा खोलकर जब वह अंदर पहुचें तो भावेश का शरीर फंदे पर लटका नजर आया। उसे नीचे उतारा गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस को फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट या अन्य ऐसा सुराग नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सके। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जॉच टीम का कहना है की मृतक के परिजनो और पत्नि के बयान दर्ज किये जायेगें जिसके बाद ही आत्महत्या का कारण साफ हो सकेगा। जुनेद / 5 जून