- मॉ ने लगाये हत्या के आरोप, पुलिस को विसरा रिर्पोट का इंतेजार - बेटी ने आखरी मैसेज में लिखा था मां आपने मेरी जान ले ही ली - 25 दिन बाद सामने आया एक युवक का वीडियो - युवक छात्रा के घर में आते-जाते आ रहा है नजर भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय छात्रा ख्याति जैन की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। 11 मई 2026 को हुई इस घटना के 25 दिन बीत जाने के बाद पुलिस अब तक मामला दर्ज नहीं कर सकी है। वहीं, मृतक की मां वर्षा जैन लगातार थाने से लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय तक शिकायतें देकर बेटी की मौत की निष्पक्ष जांच और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग कर रही हैं। हालांकि पुलिस को विसरा रिपोर्ट का इंतजार है। जानकारी के मुताबिक अशोका गार्डन इलाके में रहते हुए प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा ने अपने आखरी मैसेज में छात्रा ने लिखा था मां आपने मेरी जान ले ही ली। जबकि मृतका की मां का आरोप है, कि उनकी बेटी की मौत को आत्महत्या बताने की कोशिश की जा रही है। लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। उनका यह भी आरोप है कि पुलिस अब तक जांच में गंभीरता नहीं दिखा रही है। परिजनों का दावा है कि घटना के समय ख्याति के साथ मौजूद रहे उसके दोस्त के बयान तक पुलिस ने दर्ज नहीं किए हैं। ऐसे में कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब अब तक अनसुलझे हैं। - पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आए अहम तथ्य छात्रा की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार ख्याति ने मौत से करीब 24 घंटे पहले तक कोई भोजन नहीं किया था। इसके अलावा उसकी बाई कलाई पर कट के दो निशान भी पाए गए हैं। रिपोर्ट में यह भी मेंशन किया गया है कि पोस्टमॉर्टम के समय शव करीब 24 घंटे पुराना था। पुलिस का कहना है की मामले में विसरा रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - मॉ ने लगाये क्लासमेट तनीष पर आरोप मृतका की मां वर्षा जैन ने दावा किया कि बेटी के क्लासमेट तनीष से उसके संबंधों का वे विरोध करती थीं और इसी विवाद के चलते उसकी हत्या की गई। परिजनों के अनुसार, घटना की सूचना सबसे पहले तनीष ने ही पुलिस और परिवार को दी थी। मां का आरोप है कि वह सबसे पहले घर पहुंचा, लेकिन ख्याति को अस्पताल नहीं ले गया। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि उसके घर में प्रवेश और गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं, जिसे पुलिस को सौंपा गया है। परिवार का कहना है कि मौत से पहले युवक करीब तीन घंटे तक घर में मौजूद रहा। - सीसीटीवी में नजर आ रहा है तनिष ख्याति जैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के 25 दिन बाद एक युवक का वीडियो सामने आया है, परिवार ने वीडियो को अहम साक्ष्य बताते हुए मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। सामने आए वीडियो में तनिष नाम का युवक घर में प्रवेश करता और बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। एक वीडियो में वह हेलमेट पहनकर अंदर जाता नजर आ रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में बिना हेलमेट घर में प्रवेश करते हुए दिखाई देता है। मां का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में तनिष के घर से निकलने के कुछ मिनट बाद ही ख्याति के मोबाइल से आत्महत्या से जुड़ा मैसेज भेजा गया, जिसकी जांच जरूरी है। जॉच टीम का कहना है कि मृतका के मोबाइल की जांच कराई जा रही है। इसके अलावा साइबर सेल से रिपोर्ट मांगी गई है। पुलिस के अनुसार, मोबाइल डेटा, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच के बाद ही घटनाक्रम की सही तस्वीर साफ हो सकेगी। जुनेद / 5 जून