मैराथन बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा जबलपुर (ईएमएस)। शहर में जलभराव की समस्या, सड़कों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण कार्यों को लेकर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने नगर निगम अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ लंबी समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए महापौर ने स्पष्ट किया कि स्वीकृत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने गोहलपुर पुलिया के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये तथा 15 जून से पार्षद अनुशंसा के तहत 30-30 लाख रुपये तक के विकास कार्यों को मंजूरी प्रदान की। बैठक में महापौर ने बताया कि शहर की प्रमुख सड़कों के पैचवर्क और डामलीकरण का कार्य अगले तीन दिनों में शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही पांच करोड़ रुपये के नए डामलीकरण कार्यों और पांच करोड़ रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक बिछाने की योजनाओं को भी स्वीकृति दी गई है। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए बड़े नालों के समानांतर पाइपलाइन बिछाने के कार्य की समीक्षा की गई। वहीं गोहलपुर पुलिया के चौड़ीकरण का कार्य सितंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। सुनील साहू / शहबाज / 05 जून 2026/ 07.00