राज्य
05-Jun-2026


जबलपुर (ईएमएस)। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्राप्त शिकायत के बाद गठित जांच दल ने सदर रोड स्थित मंजूषा नर्सिंग होम का निरीक्षण किया, जिसमें रिकॉर्ड संधारण, दस्तावेजीकरण और मरीजों से संबंधित अभिलेखों के रखरखाव में कई खामियां सामने आईं। जांच के दौरान उपचार संबंधी रिकॉर्ड और केस फाइलों का समुचित संधारण नहीं पाया गया। इसके अलावा आवश्यक सहमति पत्रों की अनुपलब्धता, प्रशिक्षित स्टाफ नर्स की गैरमौजूदगी तथा मरीजों की जानकारी अनमोल पोर्टल पर दर्ज नहीं किए जाने जैसी अनियमितताएं भी उजागर हुईं। जांच प्रतिवेदन के आधार पर संस्थान को मध्यप्रदेश उपचर्यागृह तथा रूग्णोपचार संबंधी स्थापनाएं अधिनियम, 1973 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं मरीजों की सुरक्षा और जनहित को देखते हुए नर्सिंग होम का संचालन तत्काल प्रभाव से 15 दिनों के लिए अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। इस अवधि में नए मरीजों की भर्ती पर रोक रहेगी। उल्लेखनीय है कि शिकायत से जुड़ी महिला मरीज की मृत्यु मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हुई थी, जिसकी परिस्थितियों और उपचार संबंधी पहलुओं की अलग से जांच की जा रही है। मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट और संस्थान के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। सुनील साहू / शहबाज / 05 जून 2026/ 07.00