:: विजेताओं को मिलेगी आकर्षक इनामी राशि और ट्रॉफियां; ऑनलाइन प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तारीख 9 जून :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिला टेबल टेनिस संगठन के तत्वावधान में सत्र की द्वितीय इंदौर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा आगामी 12 जून से आयोजित की जाएगी। इस प्रतिष्ठित स्पर्धा के सभी रोमांचक मुकाबले शहर के अभय प्रशाल में खेले जाएंगे। इंदौर जिला टेबल टेनिस संगठन के सचिव नीलेश वेद ने जानकारी देते हुए बताया कि स्पर्धा में पुरुष तथा महिला एकल (सिंगल्स) मुकाबलों के साथ-साथ विभिन्न आयु वर्गों में भी मैच खेले जाएंगे। इसमें मुख्य रूप से यूथ अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले आयोजित होंगे। स्पर्धा के सफल संचालन की कमान प्रशांत व्यास तथा नवीन सोनी संभालेंगे। टूर्नामेंट के समापन पर विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को आकर्षक इनामी राशि और चमचमाती ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस जिला रैंकिंग स्पर्धा में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी अपनी प्रविष्टियां (एंट्री) ऑनलाइन ऐप स्पोर्ट्स झेन पर दर्ज करा सकते हैं। प्रविष्टि जमा करने की अंतिम तिथि 9 जून को शाम 5:00 बजे तक निर्धारित की गई है। प्रकाश/05 जून 2026