मुंबई(ईएमएस)। इस सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 116 अंक की गिरावट के साथ 74,243 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 50 अंक की गिरावट रही, ये 23,366 के स्तर पर बंद हुआ। शुक्रवार के कारोबार में मेटल और आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली रही। सेबी के धोखाधड़ी के आरोपों के बाद लगातार दूसरे दिन राजेश एक्सपोर्ट का शेयर 5 प्रतिशत के लोअर सर्किट पर बंद हुआ। ये गिरकर 98.73 रुपए पर आ गया है। बीते 6 महीने में ये शेयर करीब 50 प्रतिशत टूटा है। सेबी ने बुधवार को कहा था कि राजेश एक्सपोर्ट के रेवेन्यू का 97 प्रतिशत से 99 प्रतिशत हिस्सा विदेश में मौजूद उसकी दूसरी कंपनी वालकैम्बी एसए से आता है। सेबी के मुताबिक, राजेश एक्सपोर्ट्स ने उस विदेशी कंपनी के खातों और पैसों का पूरा ब्यौरा सामने नहीं रखा। इस ब्यौरे के न होने से कंपनी ने वित्त वर्ष 2021 और 2025 के बीच लगभग 15.15 लाख करोड़ रुपए के रेवेन्यू के आंकड़ों में गड़बड़ी की। विनोद उपाध्याय / 05 जून, 2026