व्यापार
05-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार वार्ताओं में बड़ी प्रगति हुई है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि दोनों देश अगले महीने के मध्य तक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण को लागू करने की स्थिति में पहुंच सकते हैं। उन्होंने बताया कि वार्ता के अधिकांश प्रमुख मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और अब केवल कुछ अंतिम बिंदुओं पर चर्चा जारी है। पीयूष गोयल के अनुसार, हाल ही में नई दिल्ली में अमेरिकी व्यापार अधिकारियों की टीम के साथ हुई बैठकों में सकारात्मक प्रगति हुई है। दोनों पक्ष समझौते के खुले मुद्दों को तेजी से सुलझाने में जुटे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जुलाई के मध्य तक समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देकर लागू किया जा सकता है। यह व्यापार समझौता भारत को अमेरिकी बाजार में कई प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में बेहतर और प्राथमिक पहुंच दिला सकता है। माना जा रहा है कि इससे भारतीय निर्यातकों, विनिर्माण क्षेत्र और निवेशकों को बड़ा लाभ मिलेगा। हालांकि वार्ता के बीच कुछ चुनौतियां भी सामने आई हैं। अमेरिका ने हाल ही में भारत समेत कई देशों के आयात पर अतिरिक्त 12.5 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है। इसके बावजूद दोनों देशों ने व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई है और उच्चस्तरीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के जून के अंत तक भारत आने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह समझौता तय समय पर लागू होता है तो भारत-अमेरिका आर्थिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी और द्विपक्षीय व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। सुबोध/०५-०६-२०२६