क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा द्वारा ओबीसी जनगणना में अलग कॉलम शामिल किए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को नगर के अंबेडकर चौक में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रैली निकाली और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। धरना दे रहे पदाधिकारियों ने बताया कि देश में लंबे समय से ओबीसी की जातिगत जनगणना की मांग की जा रही है, लेकिन वर्तमान में चल रही जनगणना प्रक्रिया में ओबीसी वर्ग के लिए कोई कॉलम नहीं रखा गया है। इसके चलते ओबीसी वर्ग को सामान्य वर्ग में शामिल किया जा रहा है, जिससे उन्हें जनसंख्या के आधार पर मिलने वाले अधिकार और हिस्सेदारी से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश काल में 1871 से 1931 तक जातिगत जनगणना कराई गई थी, लेकिन स्वतंत्र भारत में आज तक ओबीसी की अलग से जनगणना नहीं कराई गई। वर्ष 2011 में सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना हुई थी, लेकिन उसके आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए गए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जनगणना फॉर्म में ओबीसी का कॉलम जोड़ा जाए, आंकड़े पारदर्शिता के साथ जारी किए जाएं और जनसंख्या के अनुपात में ओबीसी वर्ग को शिक्षा, रोजगार, राजनीति सहित सभी क्षेत्रों में आरक्षण और प्रतिनिधित्व दिया जाए। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के जिला अध्यक्ष सदाशिव हरिनखेड़े ने बताया कि यदि जनगणना में ओबीसी का कॉलम शामिल नहीं किया गया तो 22 जून को राष्ट्रव्यापी रैली निकाली जाएगी और इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। भानेश साकुरे / 05 जून 2026