क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


- गले, पेट और पसलियों पर ताबड़तोड़ वार, मौके पर मौत - रातभर सर्चिंग के बाद आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद बालाघाट (ईएमएस). शराब के नशे में हुए मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। दोस्त के घर गए युवक पर उसी के साथी ने चाकू से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार 2 जून की शाम बैहर के वार्ड क्रमांक 5 कंपाउंडर टोला निवासी 35 वर्षीय लखन धुर्वे अपने दोस्त कनई उर्फ अमर सिंह राजपूत के घर गया था। रात में दोनों के बीच शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी कनई उर्फ अमर सिंह राजपूत ने गुस्से में आकर धारदार चाकू से लखन धुर्वे के गले, पेट और बाईं पसलियों के पास ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और बैहर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैहर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना बैहर में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1) में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी करनदीप सिंह, थाना प्रभारी एवं एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में रातभर सर्चिंग अभियान चलाया और संभावित मार्गों पर बसों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की। लगातार प्रयासों के बाद फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह शराब के नशे में था और मामूली विवाद के चलते उसने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू (आला कत्ल) जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। भानेश साकुरे / 05 जून 2026