क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


- विश्व पर्यावरण दिवस पर मंत्री विजयवर्गीय ने ग्लोबल वार्मिंग पर जताई चिंता; आईटीआई परिसर में हुआ भव्य पौधारोपण इंदौर (ईएमएस)। बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन वर्तमान समय की सबसे गंभीर चुनौती है। अब पर्यावरण संरक्षण कोई विकल्प नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व की जरूरत बन चुका है। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर संभागीय शासकीय आईटीआई परिसर में आयोजित भव्य पौधारोपण कार्यक्रम में कही। दुनिया के मौसम संबंधी आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने चिंता जताई कि विश्व के 115 सबसे गर्म शहरों में से करीब 90 भारत में स्थित हैं। यह बेहद चिंता का विषय है और यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। - हर नागरिक बचाए एक पौधा विजयवर्गीय ने आह्वान किया कि पर्यावरण संरक्षण को अब एक जन-आंदोलन का रूप देना होगा। प्रत्येक नागरिक यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाए और उसका जिम्मेदारी से संरक्षण करे, तभी पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल पौधारोपण की एक रस्म तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और भावी पीढ़ियों के प्रति हमारे कर्तव्यबोध का प्रेरणादायक संदेश है। - दिग्गजों ने रोपे पौधे, लिया संकल्प समारोह में विधायक रमेश मेंदोला, नगर निगम सभापति मुन्नालाल यादव, उद्यान प्रभारी व वरिष्ठ पार्षद राजेंद्र राठौर, पार्षद मनोज मिश्रा, पूर्व पार्षद राजकपूर सुनहरे और आईटीआई के प्राचार्य गौरव आर्य सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने संस्थान परिसर में सघन पौधारोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन संजय जैन ने किया। प्रकाश/05 जून 2026