राज्य
05-Jun-2026


हाथरस (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एसबीएस हायर सेकेंडरी स्कूल, रुदायन गोपी में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यालय परिसर को अधिक हरा-भरा बनाना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक मुनेश चतुर्वेदी ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक छोटा पौधा भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर समाज को शुद्ध वायु, छाया और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पृथ्वी पर जीवन के आधार हैं और जिस प्रकार आभूषण किसी व्यक्ति की सुंदरता बढ़ाते हैं, उसी प्रकार वृक्ष धरती को सुंदर, स्वच्छ और जीवनोपयोगी बनाते हैं।विद्यालय के निदेशक मित्रेश चतुर्वेदी ने कहा कि वृक्ष कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, जिससे वायु प्रदूषण कम होता है और पर्यावरण संतुलित रहता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते औद्योगीकरण और वनों की कटाई के कारण पर्यावरणीय चुनौतियां बढ़ रही हैं। ऐसे में अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय चतुर्वेदी ने भी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। इस दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।इस अवसर पर रुकम पाल सिंह, अनंतदेव चतुर्वेदी, विक्रम सिंह, बंटी यादव, ऋषिपाल सिंह, प्रशांत कुमार, ऋषभ शर्मा, अश्वनी कुमार, याशिका चतुर्वेदी, राधा, मंजू गुप्ता, सृष्टि शर्मा, हेमा पाराशर, ज्योति, बृजेश कुमारी, करिश्मा, कमलेश, ज्योति उपाध्याय, नेहा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 05 जून 2026