राज्य
05-Jun-2026
...


:: महापौर और आयुक्त की अगुवाई में चला महा-अभियान, सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ भी खुला मोर्चा :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता के साथ-साथ अब पर्यावरण संरक्षण में भी देश का आदर्श बनने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए नगर निगम इंदौर ने विश्व पर्यावरण दिवस पर एक बड़ी मिसाल पेश की है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के दिशा-निर्देशन में आज शहर के सभी 22 जोनों में एक साथ व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस महा-अभियान का मुख्य उद्देश्य इंदौर के हरित आवरण को बढ़ाना, पर्यावरण संतुलन स्थापित करना और स्वच्छ-सुंदर वातावरण का निर्माण करना रहा। नगर निगम के उद्यान विभाग ने विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर इस अभियान को धरातल पर उतारा। शहर के प्रमुख उद्यानों, सार्वजनिक चौराहों, शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों और रहवासी कॉलोनियों में त्रिवेणी सहित विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इस महा-अभियान की खास बात यह रही कि इसमें केवल औपचारिकता नहीं निभाई गई; जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और स्कूली विद्यार्थियों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रोपे गए पौधों को सहेजने व उनके संवर्धन का अटूट संकल्प लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए एक और बड़ा मोर्चा खोला गया। निगम की टीमों ने सभी जोनों में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सघन जनजागरूकता अभियान चलाया। नागरिकों को कपड़े के थैले और अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने दोटूक संदेश दिया कि पर्यावरण को बचाना सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि हर इंदौरी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रकाश/05 जून 2026