:: 15 से अधिक देशों के राजनयिक और 350 निवेशक होंगे शामिल; मध्य प्रदेश से इस क्षेत्र को निर्यात 3,835 करोड़ पहुँचा :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश को वैश्विक निवेश और निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में शनिवार, 6 जून को इंदौर के होटल रेडिसन में “भारत-लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन व्यापार एवं निवेश मंच 2026” का भव्य आयोजन होने जा रहा है। मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम और ग्लोबल इंडिया बिजनेस फोरम के सहयोग से होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय मंच का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 11 बजे करेंगे। इस सम्मेलन में लैटिन अमेरिका और कैरेबियन क्षेत्र के 15 से अधिक देशों के राजदूत, उच्चायुक्त, राजनयिक और व्यापारिक संगठनों सहित करीब 350 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। :: व्यापार में 19 प्रतिशत का उछाल, फार्मा-कृषि उत्पादों की मांग :: विगत वर्षों में मध्य प्रदेश और लैटिन अमेरिकी देशों के बीच व्यापारिक संबंधों में रिकॉर्ड तेजी आई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य का इस क्षेत्र में निर्यात 19 प्रतिशत की छलांग लगाकर 3,835 करोड़ रूपये तक पहुंच गया है। प्रदेश के फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग, कृषि उत्पाद, पैकेजिंग और विनिर्माण क्षेत्र के उत्पाद इस क्षेत्र के 33 से अधिक देशों में धूम मचा रहे हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य इस मंच के जरिए अंतरराष्ट्रीय निवेश को आकर्षित करना और निर्यात को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है। :: बी-टू-बी और बी-टू-जी बैठकों से खुलेगा निवेश का रास्ता :: उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री के मुख्य संबोधन के साथ ही भारत-LAC के विशेष संस्करण का विमोचन किया जाएगा। इसके बाद तीन विशेष पैनल चर्चाएं होंगी, जिनमें विनिर्माण (फार्मा, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, खाद्य प्रसंस्करण) और सेवा क्षेत्र (आईटी, पर्यटन, फिनटेक, शिक्षा) में निवेश के अवसरों पर मंथन होगा। विभिन्न देशों के प्रतिनिधि अपनी प्रस्तुतियां देंगे। फोरम का समापन बिजनेस टू बिजनेस (बी-टू-बी) और बिजनेस टू गवर्नमेंट (बी-टू-जी) बैठकों से होगा, जिससे प्रदेश में निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास के नए रास्ते खुलेंगे। प्रकाश/05 जून 2026