राज्य
05-Jun-2026
...


:: लसूड़िया क्षेत्र में बड़ा हादसा टला; फायर ब्रिगेड और पुलिस का संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में डायल-112 के जवानों की तत्परता, अदम्य साहस और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। शुक्रवार को स्कीम नंबर-136 स्थित एक इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरी बिल्डिंग में धुआं फैल गया और कई लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे डायल-112 के जवानों ने फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर एक संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, 5 जून को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली थी कि लसूड़िया क्षेत्र के एक ईवी शोरूम में आग लगी है और कुछ जिंदगियां संकट में हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में तैनात डायल-112 की टीम को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। :: बिना वक्त गंवाए आग के बीच कूदे जवान :: डायल-112 स्टाफ के आरक्षक नरेंद्र मंडेलिया, राधेश्याम कुशवाहा, रितेश पाटीदार और पायलट राजेश यादव व पवन दांगी ने मौके पर पहुंचते ही बिना वक्त गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जवानों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए न सिर्फ इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला, बल्कि फायर ब्रिगेड दल के साथ बेहतर तालमेल बिठाकर आग बुझाने के काम में भी मदद की। समय रहते किए गए इन संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। :: संकट की हर घड़ी में मुस्तैद :: डायल-112 हीरोज श्रृंखला की यह साहसिक कार्रवाई यह साबित करती है कि यह आपातकालीन सेवा केवल सूचनाएं लेने तक सीमित नहीं है। आगजनी, सड़क दुर्घटना या किसी भी संकटपूर्ण परिस्थिति में तुरंत रिस्पॉन्स देकर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही इन जवानों का मुख्य ध्येय बन चुका है। संकट की इस घड़ी में पुलिस टीम द्वारा दिखाए गए सेवा भाव की शहरभर में सराहना हो रही है। प्रकाश/05 जून 2026