राज्य
05-Jun-2026


शुक्रवार को प्रातः अनेक क्षेत्रों में प्रारंभ की जलापूर्ति शनिवार को कोलार परियोजना से संबंधित समस्त क्षेत्रों में सुचारू रूप से होगा जलप्रदाय भोपाल(ईएमएस)। नगर निगम द्वारा कोलार जलप्रदाय परियोजना की 1650 एम.एम.व्यास की ग्रेविटी मेन पाईप लाईन में आवश्यक सुधार कार्य एवं थ्रस्ट ब्लाक निर्माण कार्य गुरूवार देर रात्रि को पूर्ण किया गया और शुक्रवार को प्रातः से ही अनेक क्षेत्रों में जलप्रदाय प्रारंभ कर दिया गया। शहर के नागरिकों को शनिवार, 06 जून 2026 से सुचारू रूप से पेयजल प्राप्त होगा। नगर निगम द्वारा कोलार जलप्रदाय परियोजना की ग्रेविटी मेन लाईन में आवश्यक सुधार कार्य हेतु कोलार जलशोधन संयंत्र पर गत 02 जून 2026 को शट डाउन लिया जाकर पाईप लाईन की मरम्मत का कार्य प्रारंभ किया गया और निर्धारित समय में मरम्मत कार्य पूर्ण करते हुए थ्रस्ट ब्लाक के पुनर्निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया परंतु गुरूवार को सांयकाल आई आंधी एवं बारिश के कारण उक्त कार्य बाधित हुआ। निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के मार्गदर्शन एवं दिशा निर्देश के तहत जलकार्य विभाग के अमले ने युद्धस्तर पर कार्य पुनः प्रारंभ करते हुए गुरूवार देर रात्रि कार्य पूर्ण किया और शुक्रवार को प्रातः कोलार परियोजना से जलप्रदाय अनेक क्षेत्रों में प्रारंभ किया गया और धीरे-धीरे कोलार परियोजना से संबंधित समस्त क्षेत्रों की टंकियों में पानी पहुंचाना प्रारंभ किया गया। शुक्रवार को अधिकांश क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रारंभ की गई तथा शनिवार को कोलार परियोजना से संबंधित सभी क्षेत्रों के नागरिकों को सुचारू रूप से पेयजल प्राप्त होगा। निगम प्रशासन ने कोलार जल परियोजना में आवश्यक संधारण कार्यों के कारण जलापूर्ति बाधित होने से नागरिकों को हुई असुविधा पर खेद व्यक्त किया है तथा शहर के नागरिकों द्वारा दिये गये सहयोग पर आभार भी व्यक्त किया है। हरि प्रसाद पाल /05 जून, 2026