क्षेत्रीय
06-Jun-2026
...


सरगुजा(ईएमएस)। जिले के मैनपाट क्षेत्र में पीलिया से मौतों की खबर सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। नर्मदापुर, कुनिया और बरिमा गांवों में पिछले एक महीने से पीलिया के मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें कई लोगों की तबीयत बिगड़ने और कुछ की मौत होने की जानकारी से स्थिति गंभीर हो गई है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले एक महीने में करीब पांच लोगों की मौत पीलिया से जुड़ी बीमारी के कारण हुई है। इनमें कुनिया के पूर्व उप सरपंच जितेंद्र यादव, नर्मदापुर की भाग्यवती यादव, बरिमा का एक कक्षा 9वीं का छात्र विकास यादव और बइगहवा गांव की एक युवती सहित अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं कई मरीजों का इलाज अंबिकापुर और रायपुर के अस्पतालों में चल रहा है। हालांकि, सरगुजा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) पीएस मार्को ने बताया कि अब तक केवल दो मौतों की पुष्टि पीलिया से होने के रूप में मिली है। उनके अनुसार, कुनिया निवासी 30 वर्षीय जितेंद्र यादव और नर्मदापुर निवासी 50 वर्षीय भाग्यवती यादव की मौत पीलिया से होने की जानकारी सामने आई है। CMHO ने यह भी बताया कि जितेंद्र यादव पहले से ही क्रोनिक लीवर डिजीज से पीड़ित था, जिससे उसकी हालत गंभीर थी। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अन्य मौतों की जानकारी की जांच की जा रही है और अभी किसी बड़े प्रकोप की पुष्टि नहीं हुई है। विभाग के अनुसार, जिन परिवारों में मौत की बात सामने आई है, वहां जांच के दौरान कोई सक्रिय पीलिया मरीज नहीं मिला है और अधिकांश मौतें 10 से 12 दिन पहले हुई हैं। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांवों में पहुंचकर सर्वे शुरू कर दिया है। कुनिया गांव में चार अलग-अलग स्थानों से पानी के सैंपल लिए गए हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों से भी जल नमूने एकत्र किए जा रहे हैं ताकि संक्रमण के कारणों का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही प्रभावित इलाकों में मेडिकल कैंप लगाए गए हैं, जहां संभावित मरीजों की पहचान और इलाज किया जा रहा है। मैनपाट क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी में जुटी हुई हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 जून 2026