क्षेत्रीय
06-Jun-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर में लोकल ट्रांसपोर्ट सिस्टम को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा डिजिटल सुधार अभियान शुरू किया है। इसके तहत शहर में ई-रिक्शा और ऑटो चालकों का व्यापक ऑनलाइन सत्यापन किया जा रहा है, जिसमें अब तक करीब 13 हजार चालकों का पंजीयन पूरा हो चुका है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, 20 मई से 5 जून तक चलाए गए विशेष अभियान में मिले डाटा के आधार पर अब सभी चालकों का एक केंद्रीकृत डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जा रहा है। इस डेटाबेस को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि चालकों की पूरी जानकारी उनके क्षेत्र के अनुसार व्यवस्थित रहे। पंजीकृत चालकों को उनके निवास क्षेत्र के आधार पर अलग-अलग जोनों में वर्गीकृत किया जा रहा है। इसमें पंडरी, शंकर नगर, टिकरापारा, समता कॉलोनी, भनपुरी, तेलीबांधा सहित शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। इसके बाद संबंधित चालकों को उनके नजदीकी थानों में बुलाकर भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक चालक को एक यूनिक डिजिटल आईडी जारी की जाएगी। इस आईडी में क्यूआर कोड होगा, जिसे स्कैन करते ही चालक और वाहन से जुड़ी पूरी जानकारी उपलब्ध हो जाएगी। इसमें नाम, पता, मोबाइल नंबर, वाहन विवरण, स्थायी और वर्तमान निवास के साथ-साथ आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी शामिल होगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह क्यूआर कोड ई-रिक्शा और ऑटो दोनों के अंदर एवं बाहर लगाया जाएगा, ताकि यात्री यात्रा से पहले चालक की पहचान आसानी से जांच सकें। इस पूरी व्यवस्था को 20 जून तक लागू करने की तैयारी की जा रही है। यह प्रणाली नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) के तकनीकी सहयोग से विकसित की जा रही है, जिससे डेटा पूरी तरह सुरक्षित और डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा शहर में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए लगभग 200 ई-रिक्शा और ऑटो स्टॉपेज भी चिन्हित किए गए हैं। इन निर्धारित स्थानों से ही यात्रियों को चढ़ाने-उतारने की अनुमति होगी। हर स्टॉपेज पर थाना, हेल्पलाइन नंबर और क्षेत्रीय जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से न केवल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि शहर में यातायात दबाव भी काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा। ट्रैफिक विशेषज्ञों के अनुसार, भविष्य में रायपुर को जोन आधारित लोकल ट्रांसपोर्ट मॉडल में विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। - (ईएमएस)06 जून 2026