रायगढ़(ईएमएस)। जिले के छाल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाटी चौक के पास सड़क किनारे बैठे 25 वर्षीय युवक संतोष दास को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक संतोष दास मूल रूप से करतला क्षेत्र का रहने वाला था और वर्तमान में हाटी गांव में अपनी नानी के घर रहकर मजदूरी करता था। हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खिलाफ विरोध जताते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। करीब 20 मिनट तक मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर छाल थाना प्रभारी नसीर खान और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश दी और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पुलिस ने बताया कि फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है और मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रशासन की ओर से यह भी आश्वासन दिया गया कि पीड़ित परिवार को शासन के नियमों के तहत उचित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 जून 2026