कांकेर(ईएमएस)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक के मोबाइल को कथित रूप से हैक कर उसके बैंक खाते से करीब 1.96 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, एमजी वार्ड निवासी संजय कुमार साहू का बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता है। उन्होंने बताया कि 22 और 23 मई को उनके खाते से कुल 1,96,002 रुपये की राशि अज्ञात व्यक्ति द्वारा निकाल ली गई। पीड़ित के अनुसार, घटना के समय वह काम के सिलसिले में सिंगारभाट क्षेत्र में था और उसका मोबाइल चार्जिंग पर लगा हुआ था। पीड़ित ने बताया कि इसी दौरान उसके मोबाइल में अचानक सिस्टम अपडेट शुरू हुआ और कुछ समय बाद फोन अपने आप रिस्टार्ट हो गया। पहली बार इस घटना को उन्होंने सामान्य माना, लेकिन अगले दिन फिर से मोबाइल में इसी तरह की प्रक्रिया दोहराई गई। इसके बाद मोबाइल से कई जरूरी एप्लिकेशन जैसे व्हाट्सएप, फोनपे और फेसबुक अचानक डिलीट हो गए। पीड़ित ने उन्हें दोबारा प्ले स्टोर से इंस्टॉल किया, लेकिन इस दौरान उसे किसी तरह की अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ। जब उसने अपने बैंक खाते की ऑनलाइन जांच की, तो पता चला कि खाते से बड़ी रकम गायब है। इसके बाद वह बैंक ऑफ बड़ौदा की कांकेर शाखा पहुंचा, जहां उसे ठगी की पुष्टि हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर एंगल से जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मोबाइल हैकिंग और ट्रांजैक्शन किस तरीके से किए गए। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक, अनजान एप या अनाधिकृत एक्सेस से सावधान रहें और अपने मोबाइल व बैंकिंग एप की सुरक्षा मजबूत रखें। ईएमएस(राकेश गुप्ता)06 जून 2026