क्षेत्रीय
06-Jun-2026
...


दंतेवाड़ा (ईएमएस)। जिले के व्यापारिक क्षेत्र गीदम में एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। वार्ड क्रमांक 06 में स्थित एक सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। चोरों ने पूरे घर की तलाशी लेते हुए कमरों में रखी अलमारियों को खंगाल डाला। बताया जा रहा है कि चोरों ने घर से नगदी रकम के साथ-साथ सोने-चांदी के जेवरात भी चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए। जब परिवार वापस लौटा तो उन्हें घर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी जांचने पर नकदी और जेवरात गायब पाए गए, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गीदम पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी वार्ड में पिछले एक सप्ताह में यह दूसरी बड़ी चोरी की घटना है। लगातार हो रही चोरियों से नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और रात्रि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश जारी है। - (ईएमएस)06 जून 2026