क्षेत्रीय
06-Jun-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) लोकायुक्त पुलिस टीम ने एक ट्रैप कार्रवाई आयोजित कर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कार्यालय के सब इंजीनियर (संविदा) मनोज सावले को ग्राम पंचायत सचिव से रिश्वत लेते जनपद पंचायत कार्यालय में ही रंगेहाथ गिरफ्तार किया। उसने ग्राम पंचायत क्षेत्र में हुए कार्य का पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने के लिए 14 हजार रुपए की मांग करते हुए चार हजार रुपए पहले ही ले लिए थे। उसके बाद शुक्रवार को शेष राशि में से चार हजार रुपए लेते पकड़ा गया। लोकायुक्त एसपी डॉ. राजेश सहाय के अनुसार कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत महेश्वर (खरगोन) में पदस्थ उपयंत्री सावले को फरियादी ग्राम पंचायत बड़वेल कांकरिया (महेश्वर) के पंचायत सचिव मंगन सिंह मकवाने की शिकायत पर ट्रैप कार्रवाई में टीम ने पकड़ा है। मंगन सिंह की ग्राम पंचायत कांकरिया के अन्तर्गत कूप जाली का कार्य करवाया गया था तथा कराए गए कार्य का मूल्यांकन कर कार्यपूर्ण प्रमाण पत्र जारी करने के लिए उसने जब उपयंत्री मनोज सावले से सम्पर्क किया तो उसने इसके लिए 14 हजार रुपए रिश्वत की मांग की तथा उस पर दवाब बना चार हजार रुपए यूपीआई के माध्यम से पहले ही प्राप्त कर लिए थे। आरोपी द्वारा शेष राशि मांगी जा रही थी। इस पर फरियादी ने इसकी शिकायत लोकायुक्त से की थी। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने पर टीम का गठन कर योजना बनाई गई। जब आरोपी उप यंत्री ने फरियादी को जनपद पंचायत कार्यालय बुलाया था और वहां जैसे ही आरोपी उप यंत्री को चार हजार रुपए दिए, वैसे ही लोकायुक्त इंस्पेक्टर आशुतोष मिठास के नेतृत्व में टीम ने उसे धर दबोचा। उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। आनंद पुरोहित/ 06 जून 2026