खेल
06-Jun-2026
...


टी20 विश्व कप 2026 विवाद पर पहली बार बोले शाह नई दिल्ली (ईएमएस)। टी20 विश्व कप 2026 से पहले बांग्लादेश को लेकर पैदा हुए विवाद पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आईसीसी किसी एक देश या टीम पर निर्भर नहीं है और संगठन हमेशा किसी भी सदस्य देश से बड़ा होता है। साथ ही उन्होंने टूर्नामेंट की अभूतपूर्व सफलता और रिकॉर्डतोड़ दर्शक संख्या का भी उल्लेख किया। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत से पहले एक बड़ा विवाद सामने आया था। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दौरान बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में जगह नहीं मिलने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में खेलने को लेकर आपत्ति जताई थी। बोर्ड ने आईसीसी से अनुरोध किया था कि उसकी टीम के सभी मुकाबले केवल श्रीलंका में कराए जाएं। हालांकि आईसीसी ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया। बताया जाता है कि जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अपने रुख पर अडिग रहा और किसी समझौते पर सहमत नहीं हुआ, तब आईसीसी ने बड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। उसकी जगह स्कॉटलैंड को प्रतियोगिता में शामिल किया गया, ताकि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टूर्नामेंट का संचालन प्रभावित न हो। एक कार्यक्रम में बोलते हुए जय शाह ने बिना किसी देश का नाम लिए पूरे घटनाक्रम पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि विश्व कप शुरू होने से पहले कई तरह की चर्चाएं हो रही थीं कि कौन सी टीम खेलेगी, कौन नहीं खेलेगी और प्रतियोगिता का आयोजन किस प्रकार होगा। लेकिन आईसीसी का दृष्टिकोण हमेशा स्पष्ट रहा है कि कोई भी संस्था किसी एक टीम के भरोसे नहीं चलती। संगठन की मजबूती सभी सदस्य देशों के सामूहिक योगदान से बनती है। डेविड/ईएमएस 06 जून 2026