- कर्ज लेकर बेटे के लिए बनवाई टर्फ पिच नई दिल्ली (ईएमएस)। राजस्थान के श्रीगंगानगर से निकलकर भारतीय क्रिकेट टीम तक पहुंचने वाले युवा स्पिनर मानव सुथार की कहानी संघर्ष, समर्पण और सपनों को साकार करने की मिसाल बन गई है। 23 वर्षीय मानव सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय टीम के लिए पदार्पण कर अपने साथ-साथ अपने परिवार का भी सपना पूरा कर दिया। टेस्ट डेब्यू के मौके पर उन्हें भारतीय टीम के वरिष्ठ स्पिनर कुलदीप यादव ने टेस्ट कैप सौंपी। मानव सुथार का क्रिकेट सफर आसान नहीं रहा। साधारण परिवार से आने वाले इस युवा खिलाड़ी की सफलता के पीछे उनके पिता का त्याग और संघर्ष सबसे बड़ी ताकत रहा है। मानव के पिता जगदीश सुथार श्रीगंगानगर के एक सरकारी स्कूल में पीटीआई शिक्षक थे। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने बेटे को क्रिकेटर बनाने का सपना कभी नहीं छोड़ा। जब मानव ने क्रिकेट को गंभीरता से अपनाने का फैसला किया, तब उनके सामने अभ्यास के लिए उपयुक्त सुविधाओं की कमी सबसे बड़ी बाधा थी। उस समय श्रीगंगानगर में टर्फ पिच उपलब्ध नहीं थी। बेटे की प्रतिभा को निखारने के लिए जगदीश सुथार ने एक साहसिक कदम उठाया। उन्होंने घर के पास एक खाली जमीन किराए पर ली और वहां टर्फ पिच तैयार कराने का निर्णय लिया। आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होने के बावजूद उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर पिच का निर्माण कराया ताकि मानव को अभ्यास में किसी तरह की परेशानी न हो। मानव की मेहनत धीरे-धीरे रंग लाने लगी। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। उनकी गेंदबाजी की चर्चा तब और बढ़ गई जब उन्होंने वर्ष 2023 के वनडे विश्व कप के दौरान भारतीय टीम के नेट सत्र में दिग्गज बल्लेबाजों विराट कोहली और रोहित शर्मा को गेंदबाजी की। नेट्स में उनकी सटीकता और विविधता ने सभी को प्रभावित किया था। घरेलू क्रिकेट में भी मानव का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। उन्होंने वर्ष 2022 में राजस्थान की ओर से आंध्र प्रदेश के खिलाफ प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था। अब तक 29 प्रथम श्रेणी मैचों में वह 129 विकेट हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा 25 लिस्ट-ए मुकाबलों में उनके नाम 34 विकेट दर्ज हैं, जबकि टी20 क्रिकेट में उन्होंने 25 विकेट लिए हैं। घरेलू क्रिकेट में निरंतर अच्छे प्रदर्शन का ही परिणाम था कि उन्हें इस वर्ष आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिए पदार्पण करने का अवसर मिला। अब भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाकर मानव सुथार ने अपने क्रिकेट करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उनका सफर यह साबित करता है कि मजबूत इरादे, कड़ी मेहनत और परिवार का समर्थन किसी भी सपने को हकीकत में बदल सकता है। डेविड/ईएमएस 06 जून 2026