- भोपाल मंडल के आठ स्टेशनों पर हाई लेवल प्लेटफार्म बनेंगे भोपाल (ईएमएस)। भोपाल रेल मंडल के इटारसी-बीना रेलखंड में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। इस रेलखंड के आठ स्टेशनों पर प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाने का काम किया जाएगा। इसके लिए रेलवे करीब 26.78 करोड़ रुपए खर्च करेगा। इस काम का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को ट्रेन में चढऩे और उतरने में होने वाली दिक्कतों को कम करना और सफर को अधिक सुरक्षित बनाना है। रेलवे ने इस काम को पूरा करने के लिए 18 महीने की समय सीमा तय की है। जानकारी के अनुसार ओबेदुल्लागंज स्टेशन पर एक प्लेटफार्म, मिसरोद में तीन प्लेटफार्म, सुखी सेवनिया में दो, दीवानगंज में दो, सलामतपुर में दो, सुमेर में दो, गुलाबगंज में एक और पबई स्टेशन पर दो प्लेटफार्म को हाई लेवल बनाया जाएगा। इन स्टेशनों पर रोजाना हजारों यात्री सफर करते हैं। कई जगह प्लेटफार्म की ऊंचाई ट्रेन के दरवाजे के मुकाबले कम होने के कारण यात्रियों को चढऩे और उतरने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और दिव्यांग यात्रियों के लिए यह समस्या और अधिक बढ़ जाती है। ट्रेन में चढऩा-उतरना होगा आसान वर्तमान में कई छोटे और मध्यम श्रेणी के स्टेशनों पर प्लेटफार्म अपेक्षाकृत नीचे हैं। ऐसे में यात्रियों को ट्रेन में चढ़ते समय एक बड़ा कदम ऊपर रखना पड़ता है। कई बार भारी सामान होने पर यह काम और मुश्किल हो जाता है। प्लेटफार्म ऊंचे होने के बाद ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच ऊंचाई का अंतर काफी कम हो जाएगा। इससे यात्रियों को आसानी से ट्रेन में प्रवेश करने और बाहर निकलने में मदद मिलेगी। स्टेशन सुविधाओं में भी होगा सुधार प्लेटफार्म ऊंचे करने के दौरान कई जगहों पर अन्य जरूरी सुधार कार्य भी किए जा सकते हैं। इससे स्टेशनों की समग्र व्यवस्था बेहतर होगी। रेलवे लगातार यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा बढ़ाने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर काम कर रहा है और यह योजना भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। विनोद/ 6 जून /2026