06-Jun-2026


- 12 जिलों में ऑरेंज और 15 में येलो अलर्ट जारी पटना, (ईएमएस)। बिहार के कई जिलों में शनिवार को उमस भरी गर्मी के बीच अचानक मौसम ने करवट ले ली। कटिहार, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, जमुई समेत कई जिलों में सुबह आंधी के साथ तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। इन जिलों में शनिवार सुबह मौसम अचानक बदल गया। आसमान में बादल छा गए और तेज गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। सुबह-सुबह हुई झमाझम बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। जून की शुरुआत में ही बदले मौसम के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि, काम पर निकलने वाले लोगों को बारिश से बचने के लिए इधर-उधर शरण लेनी पड़ी। वहीं मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार बिहार में सामान्यतः 15 जून के आसपास मानसून प्रवेश करता है। इस बार भी अनुकूल परिस्थितियों के बीच 15 जून के आसपास मानसून के राज्य में पहुंचने की संभावना जताई गई है। हालांकि, कई क्षेत्रों में प्री-मानसून गतिविधियां पहले ही तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका शामिल हैं। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, तेज बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है। इसके अलावा 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी और शिवहर शामिल हैं। इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाएं और स्थानीय स्तर पर बने निम्न दबाव के कारण यह मौसम परिवर्तन देखने को मिल रहा है। इसी वजह से राज्य के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हुई हैं और आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। - ०६ जून/२०२६/ईएमएस