-वकील ने लगाई अग्रिम जमानत याचिका और बदनाम करने का लगाया आरोप पटना (ईएमएस)। चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर अपनी कोचिंग संस्थान से जुड़े कथित फायरिंग और हिंसा के मामले में कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद उन्होंने अदालत की शरण लेकर अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल की है। उनके वकील का दावा है कि खान सर को जानबूझकर बदनाम करने और फंसाने की साजिश हो रही है। खान सर के अधिवक्ता अरविंद कुमार मवार ने कहा कि उनके मुवक्किल के खिलाफ दर्ज मामला दुर्भावनापूर्ण है और बदले की भावना की कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर कर दी गई है और इस पर जल्द फैसला आने की उम्मीद है। इसके पहले खबरें आई थीं कि खान सर पटना सिविल कोर्ट पहुंचे हैं और कानूनी प्रक्रिया के तहत राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखकर अदालत परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी। गौरतलब है कि 2 जून को पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर दो पक्षों के बीच विवाद, मारपीट और पथराव की घटना हुई थी। घटना के बाद खान सर की ओर से दावा हुआ था कि दूसरी ओर से फायरिंग की गई। हालांकि बाद में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर उनके सुरक्षा कर्मी हथियार चलाते दिखे। इसके बाद मामले ने नया मोड़ आ गया। जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने नई एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं खान सर की ओर से लगाए गए आरोपों और पुलिस जांच के निष्कर्षों को लेकर दोनों पक्षों के दावे फिलहाल आमने-सामने हैं। सूत्रों के अनुसार, पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर बनाए हुए है। दूसरी ओर, खान सर के समर्थकों और छात्रों के बीच घटनाक्रम को लेकर चर्चा बनी हुई है। अब सभी की नजर अदालत के फैसले और पुलिस जांच की अगली दिशा पर टिकी हुई है, जिससे मामले की वास्तविक स्थिति और अधिक स्पष्ट हो सकेगी। आशीष दुबे / 06 जून 2026