06-Jun-2026
...


-8 जून को भरेंगे नामांकन, जनसेवा को बताया राजनीति में आने का उद्देश्य पटना,(ईएमएस)। भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता और गायक पवन सिंह अब सक्रिय राजनीति में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। भाजपा ने उन्हें बिहार विधान परिषद के लिए उम्मीदवार बनाया है। शनिवार को पवन सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर आगामी राजनीतिक जिम्मेदारियों पर चर्चा की। करीब 30 मिनट चली इस मुलाकात के बाद पवन सिंह ने बताया कि विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि वह 8 जून को विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। पवन सिंह ने भाजपा नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने से पहले उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी से भी मुलाकात की। पवन सिंह ने भाजपा को अपनी मां बताते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें सम्मान और जिम्मेदारी दोनों दिए हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने का उनका उद्देश्य केवल जनसेवा है और वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के समर्थन में उनके गीत जोड़ी मोदी और नीतीश जी के हिट होई को काफी लोकप्रियता मिली थी। अब जबकि वो खुद सक्रिय राजनीति में कदम रखने को तैयार हैं तो ऐसे में उनकी राजनीतिक भूमिका पर सबकी नजरें टिक गई हैं। हिदायत/ईएमएस 06जून26