अब निरीक्षक स्तर पर बड़े फेरबदल के संकेत जबलपुर (ईएमएस)। पुलिस मुख्यालय द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) और उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) स्तर के तबादले किए जाने के बाद अब जबलपुर पुलिस महकमे में अगले चरण के फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। नई पदस्थापनाओं के साथ जिले की पुलिस व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित करने की तैयारी शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में निरीक्षक और उप निरीक्षक स्तर पर भी व्यापक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हाल ही में जारी तबादला आदेशों के तहत कई नए अधिकारियों की जबलपुर में पदस्थापना हुई है। इनमें आईपीएस अधिकारी अनु बेनीवाल, आयुष जाखड़, अखिलेश तिवारी और मुकेश कुमार वैश्य के नाम प्रमुख हैं। नई टीम के कार्यभार संभालने के साथ विभिन्न शाखाओं और फील्ड इकाइयों में जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण भी शुरू होने की संभावना है। अब नजर निरीक्षक सूची पर ……. पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार एएसपी और डीएसपी स्तर के फेरबदल के बाद अब निरीक्षक स्तर की सूची पर अंतिम मंथन चल रहा है। कई थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों का कार्यकाल पूरा हो चुका है, ऐसे में उनके स्थानांतरण या नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। विभागीय स्तर पर इस सूची को लेकर चर्चाएं तेज हैं। कई शाखाओं में बदल सकती है कमान … इस प्रशासनिक पुनर्संरचना का असर केवल जिला पुलिस तक सीमित नहीं रहेगा। एसएएफ, विशेष शाखा, अपराध शाखा, लोकायुक्त, ईओडब्ल्यू, सीआईडी और अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों में भी पदस्थापनाओं की समीक्षा की जा रही है। नए अधिकारियों के आने से कई संवेदनशील शाखाओं में नेतृत्व परिवर्तन संभव माना जा रहा है। थानों में दिख सकती है नई कार्यशैली … पुलिस महकमे के जानकारों का मानना है कि अधिकारियों के बदलाव के बाद थाना स्तर पर भी नई कार्यशैली और प्राथमिकताएं दिखाई दे सकती हैं। कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और जनसुनवाई व्यवस्था को लेकर नई टीम अपनी कार्ययोजना के अनुसार काम करेगी। ऐसे में आने वाले कुछ सप्ताह जबलपुर पुलिस प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। 15 जून तक बड़ा फेरबदल संभव… विभागीय सूत्रों का कहना है कि निरीक्षकों की सूची लगभग अंतिम चरण में है और जून के मध्य तक इसे जारी किया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो जिले के कई प्रमुख थानों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी जा सकती है। इससे पुलिस व्यवस्था के फील्ड ढांचे में व्यापक बदलाव देखने को मिलेंगे। सुनील साहू / शहबाज / 06 जून 2026/ 06.00