* एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प अहमदाबाद (ईएमएस)| विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत विभिन्न रेल परिसरों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। साबरमती स्थित लोकोमोटिव शेड में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर एस. पी. गुप्ता के मार्गदर्शन में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सुपरवाइजरों, तकनीकी कर्मचारियों एवं अन्य रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर गुप्ता ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन के लिए ही नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के स्वस्थ जीवन के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। सभी कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। इसी क्रम में मंडल रेलवे हॉस्पिटल, साबरमती में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज देव के नेतृत्व में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों द्वारा पौधारोपण किया गया। डॉ. देव ने कहा कि स्वच्छ वायु और हरित वातावरण अच्छे स्वास्थ्य की आधारशिला हैं तथा अस्पताल परिसर को और अधिक पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए ऐसे प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंडल के विभिन्न स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों तथा ट्रैक किनारे भी नीम, पीपल, बरगद, गुलमोहर एवं जामुन जैसे स्वदेशी पौधों का रोपण किया गया। अहमदाबाद मंडल भारतीय रेलवे के नेट जीरो कार्बन एमिशन लक्ष्य की प्राप्ति हेतु सतत एवं हरित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सतीश/06 जून