राज्य
06-Jun-2026
...


- गरीब, युवा, महिला व किसानों की सेवा के साथ संसदीय कार्यों में उत्कृष्ट भूमिका निभाएंगे दोनों प्रतिनिधि - राज्यसभा के दोनों प्रत्याशी भाजपा को और अधिक मजबूती प्रदान करने का कार्य करेंगे - डॉ. मोहन यादव - भाजपा ने जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी बनाया - मध्यप्रदेश के लिए सौभाग्यशाली रहेगा राज्यसभा में प्रदेश का नया नेतृत्व - हेमंत खण्डेलवाल - भाजपा कार्यकर्ताओं की शक्ति से संचालित होने वाला संगठन है - मध्यप्रदेश भारत का दिल, यहां से प्रतिनिधित्व करना सम्मान का विषय - तरूण चुघ - देवतुल्य नेतृत्व के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं को मिल रहा सम्मान और अवसर - सामान्य कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी देने का कार्य सिर्फ भाजपा में ही संभव है - रजनीश अग्रवाल भोपाल (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने शनिवार को मध्यप्रदेश विधानसभा पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा प्रत्याशी तरूण चुघ एवं रजनीश अग्रवाल का नामांकन दाखिल कराया। पूर्व में पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ दोनों राज्यसभा प्रत्याशियों ने प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। राज्यसभा प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल कराने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पार्टी संगठन द्वारा राज्यसभा के प्रत्याशी बनाए गए तरूण चुघ एवं रजनीश अग्रवाल गरीब, युवा, महिला व किसानों की सेवा के साथ राज्यसभा में संसदीय कार्यों में उत्कृष्ट भूमिका निभाएंगे। हमारे दोनों प्रतिनिधि उच्च सदन में प्रदेश के हितों की प्रभावी पैरवी करते हुए राष्ट्र के सतत विकास और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा भाजपा संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है। दोनों राज्यसभा प्रत्याशी संगठन शक्ति को बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करने वाले कार्यकर्ता हैं। राज्यसभा में मध्यप्रदेश का नया नेतृत्व निश्चित तौर पर मध्यप्रदेश के लिए सौभाग्यशाली रहेगा। भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी तरूण चुघ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की शक्ति से संचालित होने वाला संगठन है। कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने व सम्मान देने वाली पार्टी है। मध्यप्रदेश भारत का दिल, यहां से प्रतिनिधित्व करना सम्मान का विषय है। राज्यसभा प्रत्याशी रजनीश अग्रवाल ने कहा कि हमारी पार्टी का नेतृत्व देवतुल्य है। देवतुल्य नेतृत्व के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं को सम्मान और अवसर मिल रहा है। सामान्य कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी देने का कार्य सिर्फ भाजपा में ही संभव है, अन्य किसी भी दल में ऐसा नहीं होता। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवडा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, तुलसी सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत, उदय प्रताप सिंह, प्रद्युम्न सिंह तोमर, विश्वास सारंग, राकेश शुक्ला, गौतम टेटवाल, नागर सिंह चौहान, नरेन्द्र शिवाजी पटेल, श्रीमती प्रतिमा बागरी, श्रीमती संपतिया उइके, श्रीमती राधा सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक गोपाल भार्गव, भूपेन्द्र सिंह, सुश्री उषा ठाकुर, अरविंद सिंह भदौरिया, ओमप्रकाश सखलेचा, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, रणवीर सिंह रावत, सुरेन्द्र शर्मा, डॉ. निशांत खरे, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, विधायक भगवानदास सबनानी, अनिल जैन कालूहेड़ा, श्रीमती ललिता यादव, हरिशंकर खटीक, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, अपैक्स बैंक के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव, तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोटिया, मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, पूर्व सांसद आलोक संजर सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। हरि प्रसाद पाल / 06 जून, 2026