07-Jun-2026
...


- पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार - इलाके में तनाव और तोड़फोड़ हावड़ा (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के बागनान थाना क्षेत्र के अंतर्गत नुन्टिया क्रॉसिंग इलाके में एक भाजपा कार्यकर्ता के साइबर कैफे में आग लगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद से ही स्थानीय स्तर पर भारी तनाव देखा जा रहा है। वारदात के विरोध में स्थानीय लोगों और भाजपा समर्थकों ने सड़कों पर उतरकर कड़ा विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में हावड़ा जिला भाजपा सचिव और अधिवक्ता ओमप्रकाश सिंह भी विशेष रूप से शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान गुस्साए लोगों ने पास ही स्थित एक तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पार्टी कार्यालय में भी जमकर तोड़फोड़ की, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई। पुलिस ने पीड़ित दुकान मालिक बैद्यनाथ प्रमाणिक की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक, आगजनी की इस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के मकसद से हेलमेट पहन रखे थे। वहीं, पीड़ित प्रमाणिक के परिवार का आरोप है कि इस हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस समर्थित असामाजिक तत्वों का हाथ है। परिवार ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि तीन दिन पहले भी कुछ अज्ञात बाइक सवारों ने बैद्यनाथ प्रमाणिक को साइबर कैफे बंद करने की सीधे तौर पर धमकी दी थी। इस हादसे और दुकान में हुए भारी नुकसान के सदमे के कारण बैद्यनाथ प्रमाणिक की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित परिवार ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए हैं, जिनकी मदद से गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। - ईएमएस 07 जून 2026