नई दिल्ली (ईएमएस)। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कॉकरोच मूवमेंट देश के युवाओं के भारी गुस्से और हताशा की अभिव्यक्ति है। मोदी सरकार को इनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को लेकर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रदर्शन ये दिखाता है कि युवाओं में भारी गुस्सा और हताशा है। उन्होंने सीजेपी की मांगों का भी समर्थन किया और शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की भी मांग की। अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा कॉकरोच आंदोलन देश के युवाओं के भारी गुस्से और हताशा की अभिव्यक्ति है। मोदी सरकार को इन्हें राष्ट्रविरोधी करार देने के बजाय इनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। आम आदमी पार्टी इनकी मांगों का समर्थन करती है। प्रधानमंत्री को शिक्षा मंत्री को तुरंत बर्खास्त करना चाहिए। सीजेपी के प्रदर्शन के मद्देनजर शनिवार (06 जून) को दिल्ली में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जंतर मंतर पर जुटे, जिनमें अधिकतर युवा शामिल रहे। इनमें से कई लोग कॉकरोच (तिलचट्टे) के मुखौटे पहने नजर आए और वो हाथों में फूल लिए हुए थे। स्कूली छात्र भी अपने पैरेंट्स के साथ प्रोटेस्ट में शामिल होने पहुंचे थे। इसमें शामिल लोगों में ज्यादातर स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्रा और युवा प्रोफेशल रहे। इस प्रदर्शन के जरिए सीजेपी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट), सीबीएसई बोर्ड, सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) और कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही की मांग की। छात्रों ने नारे लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/07/ जून /2026