नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के मालवीय नगर होटल अग्निकांड में पुलिस ने कुक केशव नेगी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में कुक ने खुलासा किया कि हादसा एलपीजी सिलेंडर से नहीं, बल्कि इलेक्ट्रिक स्टोव में धमाके और शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ था। बिजली काटने के बावजूद आग पूरी 5 मंजिला इमारत में फैल गई, जिससे 21 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली के मालवीय नगर में हुए दर्दनाक होटल अग्निकांड मामले में दिल्ली पुलिस की तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल के कुक (रसोइया) केशव नेगी को गिरफ्तार कर लिया है। दिलशाद गार्डन के रहने वाले केशव नेगी से हुई कड़ाई से पूछताछ में आग लगने की असल वजह और उस खौफनाक मंजर का पूरा सच सामने आ गया है। कुक ने पुलिस के सामने कुबूल किया है कि हादसा एलपीजी सिलेंडर फटने से नहीं, बल्कि किचन के इलेक्ट्रिक स्टोव में हुए एक जोरदार धमाके की वजह से हुआ था। पुलिस हिरासत में कुक केशव नेगी ने बताया कि घटना वाले दिन वह किचन में काम कर रहा था, तभी अचानक इलेक्ट्रिक स्टोव में एक जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाका होते ही वहां भीषण आग लग गई। केशव के मुताबिक, उसने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वहां की बिजली (पावर सप्लाई) काट दी ताकि आग पर काबू पाया जा सके, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वायरिंग और आंतरिक ढांचा चपेट में आने के कारण आग बुझने के बजाय बेहद तेजी से पूरी इमारत में फैलती चली गई। दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में भी यह सामने आया है कि होटल के इंटरनल वायरिंग में हुए शॉर्ट सर्किट और कुक की लापरवाही के कारण यह हादसा इतना भयानक रूप ले बैठा। जांच टीम को मौके से किसी भी एलपीजी सिलेंडर के फटने के सबूत नहीं मिले हैं। मालवीय नगर के इस दर्दनाक अग्निकांड ने अब तक कई विदेशी नागरिकों समेत कम से कम 21 मासूम लोगों की जिंदगी छीन ली है। मृतकों में 9 भारतीय और 12 विदेशी नागरिक (बांग्लादेश, लाइबेरिया, नाइजीरिया और मोजाम्बिक के निवासी) शामिल थे। इस मामले में पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में होटल मालिक लवकेश बजाज, स्वीटी सरकार और पुष्पो सरकार को पहले ही जेल भेज दिया था। कुक केशव की गिरफ्तारी के बाद इस केस में पकड़े गए आरोपियों की संख्या चार हो गई है। पुलिस के मुताबिक, होटल की इमारत में फायर सेफ्टी (अग्निशमन सुरक्षा) नियमों का जमकर उल्लंघन किया गया था और सुरक्षा इंतजामों में गंभीर कमियां थीं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/07/ जून /2026