राज्य
07-Jun-2026


मुंबई, (ईएमएस)। अवैध घुसपैठ और गैरकानूनी रूप से भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुंबई पुलिस ने 7 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये सभी पिछले लगभग 15 वर्षों से बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे। यह कार्रवाई मुंबई के अंधेरी इलाके में एमआईडीसी पुलिस द्वारा की गई। बताया गया है कि पुलिस को विशेष खुफिया सूचना मिली थी कि कुछ विदेशी नागरिक रोजगार की तलाश में क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद एमआईडीसी पुलिस की एंटी टेररिज्म सेल (एटीसी) ने जाल बिछाया और संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद उनकी पहचान बांग्लादेशी नागरिकों के रूप में हुई। गिरफ्तार किए गए लोगों में चार पुरुष, दो महिलाएं और एक नाबालिग लड़का शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी अवैध रूप से सीमा पार कर भारत में दाखिल हुए थे और पिछले डेढ़ दशक से मुंबई में रह रहे थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, इतने लंबे समय तक वे पहचान छिपाकर अधिकारियों की नजरों से बचते रहे। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी पता चला है कि आरोपी नियमित रूप से फोन के माध्यम से बांग्लादेश में रहने वाले अपने रिश्तेदारों और परिचितों के संपर्क में थे। पुलिस अब उनके कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल जानकारी की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब यह पता लगाया जा रहा है कि इन लोगों को भारत में प्रवेश करने, रहने के लिए ठिकाना हासिल करने और रोजगार पाने में किसने मदद की। जांच का दायरा बढ़ाते हुए उन व्यक्तियों और नेटवर्क की भी पहचान की जा रही है, जिन्होंने कथित तौर पर इन विदेशी नागरिकों को वर्षों तक संरक्षण या सहायता प्रदान की। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके भारत में रहने और गतिविधियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। संजय/संतोष झा- ०६ जून/२०२६/ईएमएस