-विधायक अनिल ने दिया विवादित बयान, मचा बवाल तो दी सफाई अलीगढ़,(ईएमएस)। कोल विधायक अनिल पाराशर का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह हाल ही में हुई पुलिस मुठभेड़ को लेकर टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में विधायक अपराधियों के खिलाफ सरकार की सख्त कार्रवाई का जिक्र करते हुए मुठभेड़ को कानून-व्यवस्था की बड़ी सफलता बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि लूट करने वालों को पुलिस ने अल्लाह मियां के पास पहुंचा दिया। यह योगी मोदी की सरकार है। वीडियो में विधायक अनिल ने कहा कि महिलाओं से लूटपाट करने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और कुछ ही दिनों में उन्हें ढेर कर दिया। उन्होंने इसे प्रदेश सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का परिणाम बताया। यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब अतरौली क्षेत्र में 24 मई को हुई पुलिस मुठभेड़ की मजिस्ट्रियल जांच चल रही है। जिला प्रशासन के आदेश पर मामले की जांच शुरू की गई है। बुलंदशहर निवासी मोमीन और हापुड़ निवासी रजा मोहम्मद पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए थे। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। पुलिस का दावा है कि दोनों विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं से लूट की घटनाओं में शामिल थे। रिपोर्ट के मुताबिक विवाद बढ़ने पर विधायक अनिल पाराशर ने अपने बयान की पुष्टि करते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी का संबंध किसी जाति, धर्म या समुदाय से नहीं है। उनका कहना है कि उन्होंने केवल कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के संदर्भ में यह बात कही थी। सिराज/ईएमएस 07जून26