- पांच साल पहले प्रेमी ने मंदिर में वरमाला पहनाकर बनाया था पत्नी - कुछ महीने पहले आरोपी ने चोरी छिपे दूसरी युवती से कर ली शादी भोपाल(ईएमएस)। मिसरोद पुलिस ने 29 साल की पीड़िता की शिकायत पर उसके लिव-इन पार्टनर के खिलाफ दुष्कर्म व दैहिक शोषण की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। आरोप है कि करीब पांच साल से आरोपी शादी का झांसा देकर लिव इन में रख उसका दैहिक शोषण कर रहा था। चार महीने पहले बेटी पैदा होने पर आरोपी ने महिला से दूरियां बनानी शुरु कर दी। इस बीच पीड़िता को पता चला कि आरोपी किसी दूसरी लड़की से शादी करने की फिराक में है। जिसके बाद मामला थाने पहुंच गया। थाना पुलिस के अनुसार मिसरोद क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया की साल 2021 में उसकी पहचान आरोपी अरुण कुमार गुर्जर से हुई थी। बातचीत के बाद जल्द ही उनके बीच दोस्ती हो गई। नजदीकियां बढ़ने पर आरोपी ने उसे शादी का प्रस्ताव दिया। पीड़िता के सहमति देने पर आरोपी उसे एक मंदिर में ले गया जहॉ दोनो ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर शादी भी कर ली। इसके बाद आरोपी ने उसे लिव-इन में रखते हुए करीब पांच साल तक दैहिक शोषण करता रहा। 4 महीने पहले महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया इसके बाद महिला लगातार उस पर शादी का दबाव बना रही थी। वहीं आरोपी कोर्ट में जाकर रिश्तों को आधिकारिक बनाने का झांसा देता रहा। बीते समय आरोपी के दूरी बनाने से महिला को संदेह हुआ और उसने अपने स्तर पर जब उसकी गतिविधियों का पता लगाया तब उसे जानकारी लगी की उसका लिवइन पार्टनर अन्य युवती के संपर्क में है, दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद भी हुआ। लेकिन अरुण अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। कुछ महीने पहले पीड़िता को पता चला कि आरोपी ने उसी युवती से शादी भी कर ली है। जिसके बाद वह मिसरोद थाने पहुंची जहॉ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर बलात्कार करने का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से पूर्व बच्चे और उसका डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। जुनेद / 7 जून