- पहले फ्लोर से बढ़कर दूसरे फ्लोर तक पहुंची - वॉटर टैंकर, 8 दमकलों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू - किचन में लगी थी आग, सही समय पर सिलेंडर बाहर निकालने से टला हादसा भोपाल(ईएमएस)। राजधानी के लालघाटी स्थित भोज इन रेस्टोरेंट में रविवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे अचानक आग लगने से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। तीन मजिंला इमारत में आग की चपेट में आने से दूसरी मजिंल पर स्थित किचन और रेस्टोरेंट में रखा लाखों रुपए का सामान जल गया। शुरुआती जांच में सामने आया है, कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। आग की सूचना पर पहुचीं आठ दमकलो ओर वॉटर टैंकरो की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग पहले फ्लोर से फैलकर दूसरे फ्लोर तक पहुंच गई थी। मिली जानकारी के अनुसार यहॉ स्थित एलर कॉम्प्लेक्स नाम की बिल्डिंग में 6 रेस्टोरेंट हैं। यहॉ अनूप रिजवानी के भोज इन रेस्टोरेंट में शनिवार-रविवार की देर रात अचानक आग लग गई। भोज इन रेस्टोरेंट इमारत की दूसरी मंजिल पर है। इसका किचन तीसरी मंजिल पर बना है। आग किचन में लगी और नीचे की तरफ फैलती गई। इमारत के बेसमेंट में बापू की कुटिया और ग्राउंड फ्लोर पर डोमिनोज का आउटलेट समेत कई छोटी दुकानें भी हैं। आग लगने का पता अलसुबह उस समय चला, जब पड़ोस में बनी बिल्डिंग के गार्ड ने धुआं उठता देखा। गार्ड से मिली सूचना पर बैरागढ़ दमकल केंद्र से दो फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंचे। इसके बाद अन्य फायर स्टेशनो के वाहन भी मौके पर पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आग आसपास की अन्य दुकानों और भवनों तक नहीं फैल सकी। आग बुझाने के लिये दमकलकर्मी दीवार तोड़कर अंदर घुसे। आग की चपेट में आकर रेस्टोरेंट में रखा फर्नीचर, बिजली के उपकरण, सजावटी सामग्री तथा अन्य सामान क्षतिग्रस्त हुआ है। फायर फायटरो का कहना है की आग के बीच सबसे बड़ा खतरा किचन में रखे 4 कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर से था, जिसे दमकलकर्मियों ने सबसे पहले बाहर निकाला। जुनेद / 7 जून