क्षेत्रीय
07-Jun-2026
...


- मथुरा और वाराणसी को लेकर दिया यह बयान फिरोजाबाद(ईएमएस) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को फिरोजाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने पुण्यश्लोका अहिल्याबाई होल्कर जयंती कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। अपने संबोधन में डिप्टी सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए (PDA) परिवार डेवलपमेंट एजेंसी है। उन्होंने दावा किया कि जहां-जहां अखिलेश यादव गए, वहां उनके सहयोगियों की राजनीतिक स्थिति कमजोर हुई। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक चुनौतियों में भी अखिलेश यादव की भूमिका रही है। केशव प्रसाद मौर्य ने बघेल-धनगर समाज से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में दोबारा कमल खिलाने और समाजवादी पार्टी का सफाया करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस केंद्र की राजनीति में और समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की राजनीति में विपक्ष की भूमिका निभाने की स्थिति भी खो देगी। इंडिया गठबंधन पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पूरी तरह बिखर चुका है और वर्ष 2029 तक इसकी स्थिति और कमजोर हो जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी संतों और राम भक्तों के हितों की राजनीति नहीं करती, इसलिए जनता का उस पर भरोसा नहीं है। अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि न्यायालय से जुड़े मामलों में सरकार अपना पक्ष अदालत के समक्ष रखेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी को नकार देगी। कार्यक्रम में उन्होंने पुण्यश्लोका अहिल्याबाई होल्कर को सनातन धर्म की संरक्षक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकारें उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही हैं। हालांकि कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक गलियारों में एक और चर्चा भी रही। मंच से अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम नहीं लिया। बाद में मीडिया ने जब उनसे इस संबंध में सवाल किया कि क्या दोनों नेताओं के बीच रिश्ते सामान्य हैं, तो उन्होंने इस सवाल का सीधा जवाब देने से बचते हुए आगे बढ़ना उचित समझा। उपमुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान के दौरान पुलिस लाइन दबरई हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक मनीष असीजा, विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर,जिला प्रवक्ता अमित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ए. शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद