क्षेत्रीय
07-Jun-2026
...


भोपाल(ईएमएस)। एम्स भोपाल स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए निरंतर जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर रहा है। इसी क्रम में एम्स भोपाल के आयुष विभाग द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 1 जून से 21 जून 2026 तक विभिन्न योग गतिविधियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ की गई है। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉमन योगा प्रोटोकॉल (सीवाईपी) के अभ्यास के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान और विश्राम तकनीकों का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में संकाय सदस्यों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा संस्थान के अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग सत्र का संचालन चिकित्सा अधिकारी (योग) डॉ. मुद्दा सोफिया तथा योग प्रशिक्षक डॉ. विजयता जैन के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने नियमित योग अभ्यास के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। आयुष मंत्रालय की “360° योग” पहल तथा इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” के अनुरूप पूरे माह विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य योग को केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित न रखते हुए शरीर, श्वास, मन और समाज के समग्र विकास से जोड़ना है। एम्स भोपाल का आयुष विभाग प्रत्येक वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को उत्साहपूर्वक मनाता है और योग को स्वस्थ जीवनशैली के अभिन्न अंग के रूप में बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इन गतिविधियों का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य, संतुलन, सकारात्मकता और वैश्विक सामंजस्य का संदेश प्रसारित करना है। उद्घाटन कार्यक्रम का समापन सामूहिक ध्यान सत्र और योग संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ, संतुलित और सुखद जीवन के लिए नियमित योग अभ्यास करने का संकल्प लिया। 21 जून 2026 तक विभिन्न योग कार्यशालाएं, जागरूकता अभियान, सामुदायिक पहुंच कार्यक्रम तथा सामूहिक योग सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग योग के लाभों को समझ सकें और अपने जीवन में अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में आगे बढ़ सकें। हरि प्रसाद पाल / 07 जून, 2026