श्रीनगर गढ़वाल (ईएमएस)। नगर निगम श्रीनगर के वार्ड संख्या 40 के पार्षद संदीप सिंह रावत ने जनता दरबार में पहुंचकर अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के साथ-साथ नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और अधिकारियों की मनमानी का मुद्दा जिलाधिकारी के समक्ष उठाया। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए शिमला गांव में पेयजल संकट का समाधान करने, नकोट गांव को सुपरमार्केट मार्ग से जोड़ने तथा वार्ड संख्या 40 के सभी गांवों में शीघ्र स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल स्वाति एस. भदौरिया ने पार्षद द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए। गौशाला में पशुओं की देखभाल को लेकर मिली शिकायतों पर जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को तत्काल जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशाला में पशुओं को पर्याप्त चारा, स्वच्छ वातावरण तथा बेहतर रखरखाव उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। वहीं शिमला गांव की पेयजल समस्या को लेकर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने तथा समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पार्षद द्वारा वार्ड में विकास कार्य नहीं होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसकी जांच चल रही है। उन्होंने उपजिलाधिकारी को पूरे प्रकरण की निगरानी करते हुए जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि जनता से जुड़े सभी मामलों का निष्पक्ष समाधान किया जाएगा तथा संबंधित विभागों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/07 जून 2026