राज्य
07-Jun-2026


फरार/स्थाई वारंटियों की धरपकड़, निगरानी एवं गुण्डा बदमाशों की सघन जांच 27 स्थाई वारंट एवं 36 गिरफ्तारी वारंट तामील भोपाल (ईएमएस) । पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) डॉ. नीरज चौरासिया के मार्गदर्शन में दिनांक 06-07 जून 2026 की रात्रि में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) द्वारा अपने-अपने अनुविभागीय क्षेत्रों में थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान कर रवाना किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संपूर्ण अभियान की सतत मॉनिटरिंग की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों द्वारा थाना क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों, संदिग्ध व्यक्तियों, स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटियों, निगरानी बदमाशों तथा गुण्डा बदमाशों की सघन जांच एवं घरपकड की कार्रवाई की गई। अभियान में जिले के 07 थाना क्षेत्रों के कुल 80 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। अभियान के परिणामस्वरूप 27 स्थाई वारंट, 36 गिरफ्तारी वारंट, 54 जमानती वारंट एवं 61 समंस तामील किए गए। इसके अतिरिक्त 22 संपत्ति संबंधी अपराधियों, 42 गुण्डा बदमाशों तथा 26 निगरानी बदमाशों का सत्यापन किया गया। देर रात्रि वाहन चेकिंग के दौरान 07 वाहनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई तथा आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 01 प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) पंकज कुमार पाण्डेय द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने हेतु इस प्रकार की कॉम्बिंग गश्त एवं चेकिंग कार्यवाहियां नियमित रूप से संचालित की जाएं। भोपाल (देहात) पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। जुनेद/07 जून2026