राज्य
07-Jun-2026


-पुराने ₹5 के नोटों के बदले ₹23 लाख दिलाने का दिया झांसा भोपाल (ईएमएस) । फरियादिया अंतिम विश्वकर्मा निवासी थाना गुनगा, जिला भोपाल द्वारा थाना गुनगा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी पुत्री स्वाति विश्वकर्मा की फेसबुक आईडी पर ओल्ड क्वाईन नामक पेज के माध्यम से पुराने ₹5 के नोट ऊंचे दामों पर खरीदने संबंधी विज्ञापन प्रदर्शित हुआ था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर आरोपियों द्वारा तीन पुराने ₹5 के नोटों की कीमत ₹23 लाख रुपये बताई गई। उक्त राशि दिलाने के नाम पर रजिस्ट्रेशन शुल्क, प्रोसेसिंग फीस, फाइल चार्ज एवं जीपीएस शुल्क आदि विभिन्न मदों में फरियादिया से अलग-अलग किश्तों में कुल ₹1,91,120 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए गए। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना गुनगा में अपराध क्रमांक 168/26, धारा 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना प्रभारी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) डॉ. नीरज चौरासिया के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई प्रारंभ की गई। प्रकरण में थाना गुनगा पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संपूर्ण ट्रांजेक्शन को एनसीआरपी पोर्टल पर पंजीबद्ध कराया गया तथा बैंक खातों एवं ट्रांजेक्शन के लाभार्थियों की जानकारी प्राप्त की गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं बैंकिंग विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम को राजस्थान रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा अथक प्रयास करते हुए आरोपी विशाल पिता किशन सिंह, उम्र 33 वर्ष, निवासी गुरूनानक कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 24/16, खेरपाल, जिला खैरथल-तिजारा (राजस्थान) को अलवर (राजस्थान) से गिरफ्तार कर भोपाल लाया गया। प्रकरण में ठगी गई राशि में से ₹50,000 की राशि होल्ड कराई गई है। आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर दो दिवस के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है। प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में पूछताछ जारी है। गिरफ्तार आरोपी : विशाल पिता किशन सिंह, उम्र 33 वर्ष, निवासी - गुरूनानक कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 24/16, खेरपाल, जिला खैरथल-तिजारा (राजस्थान) उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. रिंकू सिंह, उनि. रामसिंह मीना, प्र.आर. 148 मनोज वर्मा (थाना गुनगा), आरक्षक 736 मनोज, आरक्षक 4604 सागर (रक्षित केन्द्र, जिला भोपाल देहात) तथा प्र.आर. मुश्ताक अहमद (सायबर सेल, भोपाल देहात) की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही। जुनेद/07 जून2026