राज्य
08-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। पुलिसकर्मियों और सरकारी अफसरों से 10 करोड़ से ज्यादा उगाही कर चुके एक बड़े संगठित गिरोह के पांच सदस्याें के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने मकोका कानून के तहत साकेत कोर्ट में तीन हजार से ज्यादा पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। यह गिरोह मुख्य रूप से गोपनीय यानी हिडन कैमरे, एडिटेड वीडियो और झूठी शिकायतों के दम पर पुलिसकर्मियों और सरकारी अफसरों को ब्लैकमेल कर उनसे वसूली करता था। इस मामले में मुख्य आरोपित और उसकी वकील पत्नी सुरेखा समेत पांच आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं। डीसीपी क्राइम ब्रांच संजीव कुमार यादव के मुताबिक क्राइम ब्रांच की एंटी राबरी एंड झपटमारी सेल, इस सिंडिकेट के सरगना राजकुमार उर्फ राजू मीणा समेत अब तक कुल पांच आरोपित को गिरफ्तार किया है। हाल ही में इस गिरोह की एक और अहम सदस्य और राजू मीणा की पत्नी सुरेखा रानी को भी दबोच लिया गया, जो पेशे से कड़कड़डूमा कोर्ट में वकील है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/08/जून/2026