राज्य
08-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। मालवीय नगर के होटल फ्लोरिश स्टे में तीन जून को लगी आग में झुलसे एक और विदेशी नागरिक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नाइजीरिया निवासी ओकेले के रूप में हुई है। शनिवार देर रात को ओकेले ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने उनका शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। हादसे में मरने वालों की संख्या अब 22 हो गई है। अस्पताल में कई और मरीजों की हालत अभी गंभीर है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में ओकेले बुरी तरह झुलस गए थे। पहले उनको मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गंभीर होने पर उनको सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया था। यहां वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। बता दें कि 3 जून को हुए हादसे में कई विदेशी समेत करीब 49 लोगों को होटल से निकाला गया था। इनमें से 21 लोगों की उसी दिन मौत हो गई थी, जबकि कई लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। दक्षिण जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनकी टीम ने कई घंटों तक घटना स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आग लगने के शुरुआती बिंदु, धुएं के फैलाव, कर्मचारियों की गतिविधियों और बचाव प्रयासों से जुड़े पहलुओं को दोबारा खंगाला। पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आग लगने के बाद कर्मचारियों ने क्या किया। रसोइया का दावा है कि उसने आवाज लगाकर लोगों को जल्दी होटल से निकलने के लिए कहा था, लेकिन जैसे ही आग भड़की वह खुद जान बचाकर भाग निकला। पुलिस का कहना है कि उसने दमकल विभाग और पुलिस को सूचना नहीं दी। इस बीच आग भड़क गई और 22 लोगों की जान चली गई। मामले की जांच कर रहे एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक की जांच में पता चला है कि होटल के किचन में मौजूद एयर फ्रायर से आग भड़की थी। इसके बाद आग और धुआं तेजी से पूरे परिसर में फैल गया। पुलिस को पता चला है कि हादसे के समय होटल में महज तीन कर्मचारी ही मौजूद थे। इसमें भी एक कर्मचारी छत पर सो रहा था। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि आग लगने के बाद होटल प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच क्या बातचीत हुई और आपात स्थिति से निपटने के लिए कौन-कौन से कदम उठाए गए। पुलिस घटना स्थल की टाइम लाइन भी तैयार कर रही है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/08/जून/2026