अंतर्राष्ट्रीय
08-Jun-2026


कांगो,(ईएमएस)। डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (डीआरसी) में इबोला की स्थिति गंभीर हो रही है, जहाँ अब तक 515 पुष्ट मामलों में 91 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि तुरंत प्रभावी नियंत्रण उपाय नहीं हुए तब संक्रमण और बढ़ सकता है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा अपडेट के अनुसार, 12 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 117 संदिग्ध और 283 मरीज अभी भी आइसोलेशन या अस्पताल में हैं। रिपोर्ट बताती है कि संक्रमण के फैलाव का स्पष्ट पैटर्न है, 14 से 23 मई के बीच एक संभावित स्रोत से तेजी से मामले बढ़े, जिसमें 18 मई के आसपास सबसे बड़ी उछाल दर्ज की गई। इसके बाद 25 मई से 3 जून के बीच लक्षणों का एक और समूह सामने आया, जो बीमारी के आगे फैलने का संकेत देता है और यह आगे संक्रमण का एक बड़ा स्रोत बन सकता है। इस प्रकोप पर नियंत्रण में कई दिक्कतें आ रही हैं। इनमें संक्रमित संपर्कों का सही तरीके से पता न लग पाना (लक्ष्य 95 प्रतिशत के मुकाबले सिर्फ 50.3 प्रतिशत निगरानी), समुदाय का पोस्ट-मॉर्टम जांच में सहयोग न करना, इबोला उपचार केंद्रों में पर्याप्त सुविधाओं और संक्रमण रोकने के जरूरी सामान की कमी, फंडिंग का अभाव, तथा प्रयोगशाला में जांच क्षमता पर भारी दबाव, विशेषकर नॉर्थ किवु प्रांत में रिएजेंट की कमी के कारण 193 टेस्ट के नतीजों का लंबित होना, प्रमुख चुनौतियाँ हैं। यह मौजूदा प्रकोप, जो इबोला वायरस के बुंडिबुग्यो स्ट्रेन से हुआ है, 15 मई को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से आधिकारिक रूप से घोषित किया गया था। आशीष दुबे / 08 जून 2026